- Date : 12/02/2021
- Read: 4 mins
खुद को आत्मनिर्भर और अपने जीवन को सुन्दर और सुरक्षित बनाने की चाह रखने वाली महिलाओं के लिए आज ऐसे अनेक काम हैं, जिसे वो अपनी सुविधा के अनुसार करके पैसे कमा सकती हैं, या फिर अपना व्यापार शुरू कर सकती हैं।

आज की महिलाएं काफी सशक्त हैं। वो नयी नयी उपलब्धियां हासिल करके खुद का, अपने घर परिवार का और देश का नाम रोशन कर रही हैं। वह घर परिवार की जिम्मेदारियों के साथ साथ अपने प्रोफेशनल जिंदगी की जिम्मेदारियां भी बखूबी निभा रही हैं। हमारे देश में ऐसी बहुत सी महिलाएं भी हैं जिन्हें या तो मौका नहीं मिल पाता या फिर समय के अभाव में वो अपना सपना भूल जाती हैं। कुछ तो अपने कैरियर को बीच में ही अलविदा कह देती हैं। लेकिन अब वक्त और परिस्थितियां बदल चुकी हैं और घर बैठे पैसे कमाने या व्यापार करने के मौके लोगों को मिलने लगे हैं।
जिन्हें अपना कैरियर फिर से शुरू करना है या जो अपना व्यापार शुरू करने का विचार कर रही हैं, उनके लिए निम्नलिखित सुझाव हैं -
फ्रीलान्स राइटिंग- फ्रीलान्स राइटिंग आज कल काफी मांग में है। जिन महिलाओं को लिखने में रूचि है और जो कई विषयों की जानकारी रखती हैं वह अपनी इस रूचि को कैरियर के रूप में अपना सकती हैं। इसमें महिलाएं घर बैठे किसी भी अखबार या मैगजीन के लिए लेख लिख सकती हैं। यह काम आय का एक अच्छा स्त्रोत तो है ही, साथ ही इसके जरिये आप अपने विचारों को अपने लेख के माध्यम से दूसरों तक पंहुचा सकती हैं।
महिला - ई - हाट- भारत सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गयी यह बेहद अच्छी एवं प्रभावशाली योजना है। इसके तहत महिलाएं घर पर बनाए गए अपने प्रोडक्ट्स जैसे खिलौने, बैग, साबुन, बॉक्स, गिफ्ट आइटम, कपड़े, आर्गेनिक फूड, नैचुरल प्रोडक्ट्स आदि महिला - ई - हाट पोर्टल पर जाकर बेच सकती हैं। इसके लिए महिला - ई - हाट मे पंजीकरण कराना जरूरी है।
हॉबी क्लासेस- हर किसी की कोई ना कोई हॉबी होती है। किसी के लिए भी अपनी हॉबी को कैरियर बनाना काफी अच्छा विकल्प हो सकता है। अगर किसी की हॉबी डांस, पेंटिंग, कुकिंग, म्यूजिक आदि है तो वो इसे लोगों को सिखाकर काफी अच्छी कमाई कर सकती हैं। जैसे जैसे सिखने वालों की संख्या बढ़ेगी वैसे वैसे आपकी आय मे भी बढ़ोतरी होगी।
ब्यूटिशियन- यह एक ऐसा व्यापार है जिसकी मांग कभी कम नहीं होगी। अच्छा दिखना हर किसी की चाह होती है और अच्छा दिखने के लिए किसी की अगर सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो वो है ब्यूटिशियन। ऐसी महिलाएं जिन्हें इस क्षेत्र की अच्छी जानकारी है और जिनमें हुनर है तो वो इस व्यापार को शुरू कर सकती हैं।
टिफिन सर्विस- कुकिंग का शौक रखने वाली महिलाएं टिफिन सर्विस को अपने व्यापार के रूप मे अपना सकती हैं। आजकल अक्सर लोग अपनी पढ़ाई या काम के सिलसिले मे घर से दूर किसी दूसरे शहर मे रहते हैं और वहां उन्हें सबसे ज्यादा खाने की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वो सबसे पहले टिफिन सर्विस तलाशते हैं जहां से उन्हें घर का अच्छा खाना मिल सके। टिफिन सर्विस का व्यापार आज हमारे देश में हर जगह फैला हुआ है और काफी कामयाब भी है।
ऑनलाइन क्लासेस- कोरोना काल में अगर कोई चीज सबसे ज्यादा प्रचलित हुई है तो वो है ऑनलाइन क्लासेस। ऑनलाइन क्लासेस आज हर कोई चला रहा है चाहे वो स्कूल हो, कोचिंग क्लास हो या अन्य कोई इंस्टिट्यूट। जिन महिलाओं को पढ़ाने मे दिलचस्पी है तो वो अपना कोचिंग क्लास खोल सकतीं हैं या फिर कोई भी ऑनलाइन कोचिंग में ट्यूटर बन कर अपनी सेवाएं दे सकती हैं।
बुटीक- आजकल फैशन बहुत तेजी से बदल रहा है। साथ ही लोग आज के फैशन के मुताबिक बुटीक से अपनी पसंद के डिजाइनर कपड़े भी बनवा रहे हैं। फैशन की जानकारी रखने वाली महिलाएं बुटीक के व्यापार को अपना कैरियर बना सकती हैं। इसमें लाभ की काफी संभावनाएं होती हैं। इस बिजनेस को आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से चला सकती हैं। इस व्यापार में आपको अपने ग्राहकों की पसंद और मांग का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।
निष्कर्ष- मार्केट मे ऐसे और भी बहुत से काम हैं जो घर से कर सकते हैं, बस ये लोगों को पता नहीं होता। घर बैठे व्यापार शुरू करना या पैसे कमाना ज्यादा कठिन काम नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ सही जानकारी की। इसे करने के लिए ना तो ज्यादा लागत लगती और ना ही इसे करने के लिए बाहर जाना पड़ता है। बस अपनी रूचि के मुताबिक अपने काम का चुनाव करें और अपनी सहूलियत के हिसाब से इसे करें।