- Date : 12/06/2023
- Read: 3 mins
30 सितंबर से पहले 2000 के नोट बदलवाने के लिए रिजर्व बैंक ने कुछ नियम तय किए हैं जिन्हें जानना जरूरी है।

जब से आरबीआई ने 2000 के नोट को बंद करने का फैसला लिया है, लोगों में अफरा-तफरी मची हुई है। ऐसे लोग जो घर में नकद रखना पसंद करते हैं और जिनके पास काफी संख्या में 2000 के नोट हैं, वे जल्द से जल्द इसे खपाने की सोच रहे हैं। आलम यह है कि कारोबारी लोग भी 2000 के नोट लेने से कतराने लगे हैं। लोग चाहते हैं कि जल्द-से-जल्द 2000 के नोट बदलवा लिये जाएं। हालांकि ऐसा करने से पहले लोगों के मन में नोट बदलवाने की जगह, कुल राशि, और टैक्स जैसे कई सवाल उठते हैं। ऐसे में घबराहट होना लाजमी है। जानते हैं कि 2000 के नोट जल्द बदलवाने के लिए कहाँ जाना होगा - बैंक या डाकघर?
कब तक बदल सकते हैं 2000 के नोट?
2016 की नोटबंदी के बाद नकद की समस्या से निपटने के लिए 2000 के नोट जारी किए गए थे। हालांकि 2000 के नोट पहले ही छपने बंद हो चुके थे और अब इसे वापस लेने का फैसला किया गया है। 2000 के नोट को बदलने की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2023 रखी गई है। हालांकि इसके बाद भी 2000 के नोट लीगल टेन्डर माने जाएंगे। 30 सितंबर तक 2000 के नोट का सामान्य कारोबार में उपयोग किया जा सकता है। साथ ही, सहजता से इसे अपने अकाउंट में जमा किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 2000 के नोट से सोना खरीदने की बना रहे हैं योजना तो पहले जान ले ये बातें
2000 के नोट कहां बदले जाएंगे?
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि 23 मई, 2023 के बाद से किसी भी बैंक में 2000 के नोट बदले जा सकते हैं। हालांकि आप एक बार में 20,000 रुपए तक के ही नोट बदली करवा सकते हैं और इसके बदले अपने पसंद का कोई और नोट ले सकते हैं। अफरा-तफरी से बचने के लिए सभी बैंक ये सुविधा देंगे। साथ ही इसके लिए 30 सितंबर, 2023 तक का समय है जिससे बड़ी आसानी से किसी भी बैंक में नोट बदले जा सकते हैं।
क्या डाकघर में बदले जाएंगे 2000 के नोट?
बहुत से लोगों के मन में या सवाल है कि क्या डाकघर में 2000 के नोट बदले जा सकते हैं? तो इसका जवाब है, नहीं। आरबीआई ने नोट बदलने का अधिकार केवल बैंकों को दिया है और पोस्टऑफिस में 2000 के नोट नहीं बदले जा सकते। हालांकि, यदि आप डाकघर में खाताधारक हैं तो 30 सितंबर, 2023 तक 2000 के नोट अपने खाते में जमा करा सकते हैं और बाद में दूसरे नोटों के रूप में इसे निकाल सकते हैं।
2000 के नोट के प्रति पैनिक से बचें
2000 के नोटों को बदलवाने के लिए काफी समय दिया है। साथ ही, आपके पास फिलहाल इन नोटों से सामान्य खरीददारी करने का भी मौका है। नोटों को बदलवाने की बजाय आप इसे अपने किसी भी खाते में जमा कर सकते हैं। 20,000 रुपए से अधिक की रकम के लिए जमा करने का विकल्प, बदलवाने के विकल्प से कहीं बेहतर है।
यह भी पढ़ें: फिज़िकल गोल्ड या गोल्ड ईटीएफ: कौन है बेहतर