- Date : 24/02/2023
- Read: 2 mins
अडानी ग्रुप को श्रीलंका में विंड पावर प्रोजेक्ट शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। इस समय अडानी और श्रीलंका दोनों ही मुसीबत में हैं। ऐसे में यह निवेश दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

Adani Group Investment in Sri Lanka: खुद संकट से घिरा अडानी ग्रुप अब श्रीलंका को वित्तीय संकट से उबारने के लिए वहां बहुत बड़ा निवेश करने जा रहा है। अडानी ग्रुप अपने दो प्रोजेक्ट्स के तहत यहां पर कुल 44.2 करोड़ डॉलर का निवेश करेगा। माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट संकट से घिरे अडानी ग्रुप और श्रीलंका दोनों की मुश्किलें कम कर सकता है।
दरअसल, श्रीलंका में अडानी ग्रुप अब विंड पावर प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। श्रीलंका सरकार ने उसके दो विंड फॉर्म्स को अपनी मंजूरी दे दी है।
अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी की तऱफ से ये प्रोजेक्ट श्रीलंका में शुरू किया जा रहा है। श्रीलंका सरकार ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक देश के उत्तरी इलाके में ये संयंत्र लगाए जाएंगे।
श्रीलंका के बोर्ड ऑफ इंवेस्टमेंट की तरफ से कहा गया है कि इस कंपनी के जरिए कुल 44.2 करोड़ डॉलर का यह निवेश होगा। 2025 तक इस संयंत्र के जरिए यहां पर बिजली की सप्लाई शुरू हो जाएगी।
बता दें कि श्रीलंका में अडानी ग्रुप पहले भी बड़ा निवेश करता रहा है। 2021 में अडानी ग्रुप ने यहां पर पोर्ट टर्मिनल बनाने का करीब 70 करोड़ डॉलर का ठेका मिल चुका है।
श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री ने इस प्रोजेक्ट के बारे में पुष्टि करते हुए कहा कि अडानी ग्रुप के ऑफिसर्स से मुलाकात के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।