- Date : 28/02/2023
- Read: 2 mins
एलन मस्क फिर दुनिया के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। उनकी संपत्ति पिछले 24 घंटे में 6.98 अरब डॉलर बढ़ी है। अब उनकी कुल संपत्ति 187 अरब डॉलर हो गई है।

Elon Musk Net worth: एलन मस्क (Elon Musk) एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़ दिया है। मस्क की संपत्ति पिछले 24 घंटे में 6.98 अरब डॉलर उछलकर सीधे 187 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। मस्क की संपत्ति में अचानक इतनी बड़ी उछाल के पीछे बड़ी वजह टेस्ला कंपनी के शेयरों में आई तेजी को माना जा रहा है। लेकिन एक और कारण है जिसकी वजह से एक झटके में मस्क इस मुकाम पर पहुंचे हैं और वह है क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन।
दरअसल, पिछले दो महीने से टेस्ला के शेयर लगातार उड़ान भर रहे हैं। इसके शेयरों की कीमत में 92 फीसदी तक तेजी देखी गई है। टेस्ला के शेयरों में आई इस उछाल ने मस्क की संपत्ति में खूब बढ़ोतरी की है।
इसके साथ ही बिटकॉइन में आई तेजी ने भी मस्क को दोबारा इस मुकाम पर पहुंचाया है। दरअसल, मस्क ने बिटकॉइन में भी खूब निवेश किया है। बिटकॉइन ने 2023 में अब तक 42 फीसदी से अधिक का रिटर्न देकर मस्क को 'मुस्कुराने' का बड़ा मौका दिया है।
मस्क की संपत्ति में जो तेजी आई है उसके पीछे मुख्य रूप से टेस्ला के शेयर ही हैं। इस साल के शुरुआत में टेस्ला कंपनी के शेयरों की कीमत 110 डॉलर पर थी जो अब 207 डॉलर के पार है। ऐसे में करीब 92 फीसदी का उछाल दो महीने में मिला और एक झटके में मस्क की संपत्ति बेतहाशा बढ़ गई।
वहीं, अगर बिटकॉइन की बात करें तो इसमें मस्क ने 2021 में 1.5 बिलियन डॉलर का भारीभरकम निवेश किया। 2021 में बिटकॉइन ने मस्क को तगड़ा रिटर्न भी दिया लेकिन 2022 में क्रिप्टो मार्केट में बिल्कुल सन्नाटा रहा और इस कारण मस्क को भी फायदा नहीं हुआ। लेकिन 2023 की शुरुआत के साथ एक बार फिर किप्टो का बाजार तेजी पकड़ा है। बिटकॉइन ने शानदार रिटर्न देना शुरू किया और मस्क की संपत्ति में भी तेजी आनी शुरू हुई।
बता दें कि मस्क पहले भी दुनिया के सबसे अमीर शख्स रह चुके हैं। लेकिन ट्विटर के अधिग्रहण के बाद उनके शेयरों में काफी तेजी से गिरावट आई थी। पिछले साल दिसंबर में उनकी संपत्ति सिर्फ 137 अरब डॉलर रह गई थी। मस्क को 200 अरब डॉलर का झटका लगा था और तब सबसे अधिक पैसा गंवाने का शर्मनाक रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हुआ था।