- Date : 02/11/2022
- Read: 3 mins
आईटी क्षेत्र की बड़ी कंपनी टेक महिंद्रा ने डिविडेंड देने के लिए 10 नवंबर, 2022 की तिथि तय कर दी है।

Tech Mahindra Special Dividend 10th November 2022: आईटी क्षेत्र की बड़ी कंपनी टेक महिंद्रा ने अपने निवेशकों को 360% का डिविडेंड देने की घोषणा की है। इसका सीधा मतलब होगा कि कंपनी अपने निवेशकों को हर एक शेयर पर ₹18 का डिविडेंड देगी। कंपनी द्वारा डिविडेंड के लिए 10 नवंबर, 2022 की रिकॉर्ड डेट तय कर दी गई है। कंपनी द्वारा विशेष डिविडेंड के भुगतान के लिए 24 नवंबर, 2022 का लक्ष्य रखा गया है। आइए जानते हैं कंपनी के हालिया प्रदर्शन के बारे में।
कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ ₹1,285 करोड़ का
निवेशकों की जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि टेक महिंद्रा कंपनी का सितंबर 2022 को समाप्त तिमाही में समेकित शुद्ध लाभ था ₹1,285 करोड़ का। गत वर्ष की इसी तिमाही में प्राप्त शुद्ध लाभ से इस तिमाही में 4% कम लाभ दर्ज किया गया है। क्रमिक आधार पर देखें तो सितंबर 2022 की तिमाही में टेक महिंद्रा की आमदनी करीब 21% बढ़ी है और ₹13,129 करोड़ तक पहुँच गई। 1 नवंबर को बाजार बंद होते समय टेक महिंद्रा के शेयर ₹1,071.65 पर कारोबार कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: ७ वित्तीय नियम
कंपनी की एंप्लॉयीज कॉस्ट 6,895 करोड़ रुपए
टेक महिंद्रा कंपनी की आमदनी में 3.3% की वृद्धि हुई। वहीं लाभ में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्थिर मुद्रा अवधि के रूप में कंपनी की डॉलर में आमदनी 3% से बढ़ी। यद्यपि कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट क्रमिक आधार पर 0.6% घटा है और ₹1,984 करोड़ रहा लेकिन तिमाही के अनुसार इसमें 5.5% की वृद्धि हुई। कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन में भी 30 बेसिस प्वाइंट की बढ़त रही जो कि 15.1% की रही। आईटी क्षेत्र की इस कंपनी का एंप्लॉयीज कॉस्ट तिमाही के अनुसार 5.3% बढ़ी वहीं क्रमिक आधार पर इसमें 0.3% का इजाफा हुआ। कुल एंप्लॉयीज कॉस्ट रही ₹6,895 करोड़।
2022 में शेयरों में 40% की कमी
टेक महिंद्रा का इस साल उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा। शेयर की कीमत में 40% की कमी देखी गई है। साल की शुरुआत में 3 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर शेयर की कीमत ₹1,785.10 थी जो कि 1 नवंबर, 2022 को लुढ़ककर ₹1,071.65 पर पहुँच गई। बीते 1 साल में टेक महिंद्रा के स्टॉक की कीमत 28% से नीचे फिसली है। लेकिन स्टॉक में रिकवरी देखने को मिल रही है और महीने भर में ही कीमत में 7% का सुधार हुआ है।
यह जानकारी पाठकों की सुविधा के लिए दी जा रही है, निवेश का सुझाव नहीं है। पाठक अपनी सूझबूझ और जानकारों की सलाह से निवेश कर सकते हैं। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है।
यह भी पढ़ें: मार्केट में निफ़्टी ५० से रिटर्न कैसे पाए?