- Date : 10/09/2021
- Read: 4 mins
- Read in English: Top 10 stocks exchanges in the world
बाजार पूंजीकरण और बड़ी कंपनियों की सूचीबद्धता के लिहाज से दुनिया के टॉप 10 स्टॉक एक्सचेंज में एनवाईएसई, नैस्डेक और भारत का एनएसई शामिल है।

स्टॉक एक्सचेंज एक ऐसा बाजार है जहां प्रतिभूतियों को नियमित रूप से खरीदा और बेचा जाता है। साथ ही यहां सार्वजनिक हिस्सेदारी वाली कंपनियों के शेयर सूचीबद्ध होते हैं। कुछ नियमों और विनियमों के तहत प्रतिभूतियों की खरीद और बिक्री की जाती है। उदाहरण के लिए भारत में सेबी नियामक संस्था है। भारत में स्टॉक एक्सचेंजों में कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड, इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज (इंडिया आईएनएक्स), इंडियन कमोडिटी एक्सचेंज, मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया, एनएसई आईएफएससी लिमिटेड और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज शामिल हैं।
दुनिया भर में असंख्य स्टॉक एक्सचेंज हैं, लेकिन केवल कुछ को ही वैश्विक मान्यता मिली हुई है। स्टॉक एक्सचेंजों के आकार को आंकने के लिए बाजार पूंजीकरण एक महत्वपूर्ण मानदंड है, जबकि सूचीबद्ध कंपनियों की हैसियत इसके महत्व को दर्शाती है।
यहां दुनिया के दस सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंजों की जानकारी दी गई है:
1. न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज (एनवाईएसई): यह न्यूयॉर्क शहर में स्थित दुनिया का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। 2400 से अधिक कंपनियां इसमें सूचीबद्ध हैं। इनमें कुछ ब्लू-चिप कंपनियां भी जैसे बर्कशायर हैथवे इंक, वॉल्ट डिजनी कंपनी, कोका-कोला, वॉलमार्ट आदि शामिल हैं। इसका कुल बाजार पूंजीकरण 26 ट्रिलियन अमरीकी डालर से अधिक का है।
2. नैस्डेक: यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। यह भी अमेरिका का एक स्टॉक एक्सचेंज है और न्यूयॉर्क शहर में स्थित है। इसके तहत 3000 से अधिक कंपनियां सूचीबद्ध हैं। इसका बाजार पूंजीकरण 19 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर आंका गया है। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एपल, अमेजॉन,फेसबुक और इंटेल सहित कई बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियां यहां सूचीबद्ध हैं।
3. शंघाई स्टॉक एक्सचेंज (एसएसई): यह एशिया का सबसे बड़ा और सबसे महत्वपूर्ण स्टॉक एक्सचेंज है। यह चीन के शंघाई में स्थित है। इसमें करीब 1860 कंपनियां सूचीबद्ध हैं। एसएसई के बाजार पूंजीकरण को कई राज्य के स्वामित्व वाली बीमा कंपनियों और वाणिज्यिक बैंकों द्वारा बढ़ाया गया है। इसका मूल्य लगभग 6.98 ट्रिलियन अमरीकी डालर है।
4. टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज (टीएसई) का मुख्यालय जापान के टोक्यो में है। इसका स्वामित्व जापान एक्सचेंज ग्रुप के पास है, जो ओसाका स्टॉक एक्सचेंज का भी मालिक है। इसके तहत 3700 से अधिक कंपनियां सूचीबद्ध हैं। इसमें होंडा, सोनी, सुजुकी, मित्सुबिशी आदि जैसे जापानी दिग्गज शामिल हैं। टीएसई का बाजार पूंजीकरण 6.64 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इस एक्सचेंज में कई प्रमुख अमेरिकी कंपनियां भी सूचीबद्ध हैं।
5. हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज (एचकेईएक्स): इसकी स्थापना 1891 में हुई थी। हैंग सेंग इंडेक्स इसी एक्सचेंज का इंडेक्स है। यह स्टॉक एक्सचेंज निश्चित आय उपकरणों, इक्विटी और ईटीएफ के व्यापार की अनुमति देता है। इसका स्वामित्व हांगकांग एक्सचेंज और क्लियरिंग लिमिटेड के पास है। इस एक्सचेंज में टेनसेंट होल्डिंग्स, एआईए और पेट्रोचाइना समेत 2500 से अधिक दिग्गज कंपनियां सूचीबद्ध हैं। इसका बाजार मूल्य 6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है।
6. यूरोनेक्स्ट (ईएनएक्स): यूरोपियन न्यू एक्सचेंज टेक्नोलॉजी की स्थापना सितंबर 2000 में हुई थी। इसका मुख्यालय नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में है। इसका बाजार पूंजीकरण 5.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसमें सूचीबद्ध कुछ शीर्ष कंपनियां हैं लॉरियल, प्रॉक्टर एंड गैंबल, रॉयल डच शेल, एलवीएमएच, मर्क आदि।
7. शेन्ज़ेन स्टॉक एक्सचेंज (एसजेडएसई): चीन में तीन स्टॉक एक्सचेंज हैं, जिनमें शेन्ज़ेन स्टॉक एक्सचेंज सबसे छोटा है। इसकी स्थापना 1 दिसंबर 1990 को हुई थी। इसके तहत लगभग 2300 कंपनियां सूचीबद्ध हैं। एसजेडएसई का बाजार पूंजीकरण 5.2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है।
8. लंदन स्टॉक एक्सचेंज (एलएसई): इसका मुख्यालय यूके के लंदन में है। यह दुनिया के सबसे पुराने एक्सचेंजों में से एक है। इसकी स्थापना 1801 में हुई थी। इसका बाजार पूंजीकरण 4.06 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। ब्रिटिश पेट्रोलियम, एचएसबीसी, टोयोटा मोटर्स, बार्कलेज और यूनिलीवर जैसी कुछ बड़ी कंपनियां यहां सूचीबद्ध हैं।
9. टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज (टीएसएक्स): यह टीएमएक्स समूह की कंपनी है। इसकी स्थापना 1852 में हुई थी। यह टोरंटो, कनाडा में स्थित है। इसका बाजार पूंजीकरण 2.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसमें कई बड़ी खनन और तेल एवं गैस कंपनियां सूचीबद्ध हैं। कनाडा के जाने-माने पांच वाणिज्यिक बैंक भी यहां सूचीबद्ध हैं।
10. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई): महाराष्ट्र के मुंबई में स्थित है। इसकी स्थापना 1992 में हुई थी। इसका बाजार पूंजीकरण 2.55 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसने देश में एक परिष्कृत इलेक्ट्रॉनिक शेयर बाजार की शुरुआत की। इसका बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी है। कुछ स्थापित कंपनियां जैसे एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस आदि इस पर सूचीबद्ध हैं।
सभी प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों में विभिन्न सूचकांक होते हैं जिन पर दुनिया भर के निवेशकों की नजर होती है। इन स्टॉक एक्सचेंजों का ऐसा प्रभाव है कि उनमें से किसी एक में बदलाव से दुनिया भर के बाजार के सेंटिमेंट्स पर असर पड़ सकता है।